चीन-रूस के परस्पर विश्वास ने द्विपक्षीय संबंधों को ठोस आधार दिया : पुतिन

पुतिन ने शनिवार से शुरू हो रही चीन यात्रा से पहले चीन की समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अध्यक्ष काई मिंगझाओ को दिए साक्षात्कार में यह बात कही। पुतिन ने 17 जून को एक घंटे के साक्षात्कार में सिन्हुआ अध्यक्ष से कई मुद्दों पर बातचीत की।

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस तथा चीन के बीच परस्पर विश्वास एक अप्रत्याशित ऊंचे स्तर तक पहुंच गया है। इसने दोनों देशों के संबंधों को ठोस आधार दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष द्विपक्षीय संबंधों के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

चीन-रूस के संबंधों पर पुतिन ने कहा, “दोनों देश संबंधों के विकास का सम्मान करते हैं और शी जिनपिंग (चीनी राष्ट्रपति) बेहद अच्छे व्यक्ति हैं।”

उन्होंने कहा कि रूस-चीन के बीच व्यापार में महत्वपूर्ण कार्य विविधता लाना है, खासकर उच्च-प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना होगा।

मॉस्को-कजान हाई स्पीड रेलवे परियोजना पर एक सवाल के जवाब में पुतिन ने कहा कि यह परियोजना रूस तथा चीन के बीच अवसंरचना के क्षेत्र में व्यापक सहयोग की शुरुआत भर है।

शी द्वारा शुरू की गई बेल्ट एंड रोड योजना पर रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि यह योजना बेहद अनुकूल समय पर शुरू की गई है और इसमें अपार क्षमता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (ईईयू) के सभी पांच सदस्य सिल्क रोड इकोनॉमिक बेल्ट योजना के तहत चीन के साथ सहयोग के विकास का समर्थन करते हैं।

पुतिन ने काई मिंगझाओ से कहा कि ईईयू तथा चीन को सहयोग के पहले चरण में एक मुक्त व्यापार क्षेत्र की स्थापना करनी चाहिए।

राष्ट्रपति पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन (एसएसओ) से संबंधित मुद्दों पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा, “एससीओ क्षेत्र में एक लोकप्रिय व आकर्षक संगठन बन चुका है और दुनिया भर के कई देश इसमें शामिल होने के इच्छुक हैं। एससीओ के कार्य में विस्तार तथा इसके सदस्यों की बढ़ती संख्या ने इसे केवल क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में एक आधिकारिक व लोकप्रिय संगठन बना दिया है। एसीओ अपने सदस्य देशों के लिए कई क्षेत्रों में सहयोग के एक मंच के रूप में विकसित हुआ है।”

पुतिन ने कहा कि रूस तथा चीन के बीच का समन्वय अंतर्राष्ट्रीय मामलों में खुद एक स्थिर तथ्य बन चुका है।

शी की प्रशंसा करते हुए पुतिन ने कहा, “शी उन कुछेक राष्ट्रीय नेताओं में से हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गरीबी को दूर करने के प्रति समर्पित हैं।”

उन्होंने कहा कि रूस तथा चीन एक-दूसरे को नजदीकी सहयोगी के तौर पर देखते हैं और एक-दूसरे के हितों का ख्याल रखते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493