मोदी की उज्बेक राष्ट्रपति से मुलाकात, रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर जोर (लीड-1)

ताशकंद, 23 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति इस्लाम करीमोव के साथ गुरुवार को रक्षा सहयोग पर द्विपक्षीय वार्ता की।

राष्ट्रपति करीमोव ने एक साल के भीतर उज्बेकिस्तान की दूसरी यात्रा में मोदी का स्वागत किया और मोदी ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में भारत की सदस्यता के समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। मोदी ने उन्हें अपनी सरकार द्वारा उज्बेकिस्तान के नागरिकों को ई-पर्यटक वीजा सुविधा देने के फैसले से भी अवगत कराया।

विदेश मंत्रालय ने इस वार्ता के बाद जारी बयान में कहा, “दोनों ही नेताओं ने पुराने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को याद किया और संबंधों की मजबूती को आगे बढ़ाने और सुदृढ़ करने पर चर्चा की। मोदी ने उन्हें उज्बेकिस्तान के नागरिकों को ई-पर्यटक वीजा की सुविधा देने के फैसले से अवगत कराया और उज्बेकिस्तान की आजादी और भारत-उज्बेकिस्तान कूटनीतिक संबंधों के 25 साल पूरा होने पर उज्बेकिस्तान में भारत उत्सव और भारतीय व्यापार मेले के आयोजन पर चर्चा की।”

इसमें कहा गया है, “दोनों नेताओं ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढाने पर सहमति जताई और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एमओयू पर हस्ताक्षर किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा क्षेत्र में और सहयोग बढ़ाने की जरूरत है।”

मोदी पिछले वर्ष जुलाई में पांच मध्य एशियाई देशों की यात्रा के दौरान भी उज्बेकिस्तान गए थे।

ताशकंद पहुंचने के बाद मोदी की पहली बैठक शी जिनपिंग के साथ हुई। हवाईअड्डे पर उज्बेक प्रधानमंत्री शौकत मिर्जियोयेव ने उनकी अगवानी की।

मोदी यहां शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं। भारत को इस समूह के पर्यवेक्षक का दर्जा प्राप्त है। इसमें भारत को सदस्य के रूप में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493