लंदन, 24 जून (आईएएनएस)। ब्रिटिश हस्तियों जैसे जे.के. रोलिंग, जेम्स कॉर्डन और ह्यूग लावरी ने ब्रेक्सिट नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
बीबीसी के मुताबिक, ब्रिटेन के 52 फीसदी लोगों ने यूरोपीय संघ से बाहर निकलने और 48 फीसदी लोगों ने बने रहने के पक्ष में मतदान किया। इसमें 71.8 फीसदी मतदाताओं ने भाग लिया था जो कि 3 करोड़ से ज्यादा लोग थे। यह ब्रिटेन में 1992 के बाद से किसी चुनाव में हुआ सबसे ज्यादा मतदान है।
डेडलाइन डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैरी पॉटर’ की लेखिका जे.के. रॉलिंग जो ब्रेक्सिट की कट्टर विरोधी थी, ने अपनी उदासी जाहिर करते हुए लोगों की लोकप्रिय राय का समर्थन किया और कहा कि अब स्कॉटलैंड का अगला कदम ब्रिटेन से अलग होना होगा।
रॉलिंग ने अगल से ट्वीट करते हुए कहा, “अलविदा ब्रिटेन, मैं नहीं समझती कि मैं कभी इससे ज्यादा जादू चाहती थी। स्कॉटलैंड को अब आजादी की मांग करनी चाहिए। कैमरॉन की विरासत दो यूनियनों को बांट रही है, जिसकी जरूरत नहीं थी।”
अभिनेता और टीवी होस्ट जेम्स कॉर्डन ने इस नतीजे पर उदासी व्यक्त करते हुए कहा, “ब्रिटेन में जो हो रहा है, वह मुझसे देखा नहीं जा रहा। मुझे ब्रिटेन के युवाओं को लेकर दुख है। मैं घबरा रहा हूं, क्योंकि आज आप निराशा में हैं।”
ब्रिटेन ईयू के गठन के बाद इससे बाहर निकलने वाला पहला देश है। लेकिन इस मतदान संग्रह के बाद 28 देशों के इस गुट से ब्रिटेन तुरंत बाहर नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस प्रक्रिया में कम से कम दो साल लगेंगे।
dharmpath.com dharmpath