बेंगलुरु, 24 जून (आईएएनएस)। रूस में होने वाले यूरेशिया कप और इंग्लैंड दौरे के लिए जूनियर पुरुष हॉकी टीम की कमान प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिप्सान तिर्के को सौंपी गई है।
यूरेशिया कप का आयोजन रूस के येकातारिनबर्ग में नौ जुलाई से होगा, जबकि इंग्लैंड में खेले जाने वाले छह मैच 22 जुलाई से शुरू होंगे।
इन दोनों टूर्नामेंट के लिए हॉकी इंडिया (एचआई) ने भारतीय दल की घोषणा की है, जिसमें दोनों दलों का कप्तान तिर्के को और उप कप्तान वरुण कुमार को बनाया गया है।
इस वर्ष लखनऊ में हुए जूनियर विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस दल में संता सिंह और परविंदर सिंह जैसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को क्षमता दिखाने और निखारने का अवसर मिलेगा।
एचआई के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “जूनियर विश्व कप के मेजबान के तौर पर हम अपनी टीम को बेहतरीन मंच और प्रशिक्षण प्रदान करना चाहते हैं, ताकि टीम देश का नाम रोशन कर सके।”
अहमद ने कहा, “इस बात को ध्यान में रखते हुए हमने पहले से ही प्रक्रिया शुरू कर दी। अपने युवा खिलाड़ियों को इन दो टूर्नामेंट के जरिए अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में शामिल कर रहे हैं। मुझे पूरी आशा है कि वह बेहतर खिलाड़ी के तौर पर वापस आएंगे और अपने प्रदर्शन से हमें गौरवान्वित करेंगे।”
टीमें :
गोलकीपर : सूरज करकेरा, किशन बी. पाठक
डिफेंडर : दिप्सान तिर्के (कप्तान), वरुण कुमार (उप कप्तान), हार्दिक सिंह, विक्रमजीत सिंह, गुरिंदर सिंह, नीलम संजीप सेस
मिडफील्डर : नीलकांत शर्मा, सुमित, संता सिंह, मनप्रीत, शमशेर सिंह
फारवर्ड : गुरजांत सिंह, अजय यादव, परविंदर सिंह, सिमरनजीत सिंह, अजीत कुमार पांडे
dharmpath.com dharmpath