एडिनबर्ग, 25 जून (आईएएनएस)। स्कॉटलैंड की मंत्रिमंडल प्रमुख निकॉला स्टर्जन यूरोपीय संघ (ईयू) से बाहर होने (ब्रेक्सिट) के ब्रिटेन के फैसले पर स्कॉटलैंड सरकार की प्रतिक्रिया पर चर्चा को लेकर शनिवार को मंत्रिमंडल की एक बैठक आयोजित करेंगी।
‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को हुए ऐतिहासिक जनमत संग्रह में स्कॉटलैंड, लंदन और उत्तरी आयरलैंड ने ईयू में बने रहने के पक्ष में मतदान किया था, जबकि इंग्लैंड और वेल्स ने ईयू से बाहर होने का समर्थन किया था।
स्कॉटलैंड ने ब्रिटेन के ईयू में बने रहने के पक्ष में 38 प्रतिशत की तुलना में 62 प्रतिशत मतदान किया था।
लेकिन ब्रिटेन में कुल मिलाकर ईयू से निकलने के पक्ष में 51.9 फीसदी लोगों ने और बने रहने के पक्ष में 48.1 फीसदी लोगों ने मतदान किया था।
स्टर्जन ने कहा कि ‘लोकतांत्रिक तौर पर यह अस्वीकार्य है’ कि स्कॉटलैंड को उसकी मर्जी के खिलाफ ईयू से बाहर किया जाए।
उन्होंने कहा कि दूसरे जनमत संग्रह की ‘काफी संभावना है।’
हजारों लोगों ने शुक्रवार शाम को ग्लासगो और ऐडिनबर्ग में ईयू के परिणाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
स्टर्जन ने कहा कि अब स्कॉटलैंड और शेष ब्रिटेन के बीच ‘काफी मतभेद है’ जिसका उन्हें ‘बेहद अफसोस है।’
उन्होंने कहा कि स्कॉटिश मंत्रिमंडल की बैठक में ‘हमारे अगले कदम पर विस्तार से चर्चा होगी।’
dharmpath.com dharmpath