मैड्रिड, 26 जून (आईएएनएस)। हॉलीवुड में भी अपनी पहचान कायम कर चुके अभिनेता और निर्माता अनिल कपूर का कहना है कि वह पाकिस्तान की फिल्मों और टीवी कार्यक्रमों में भी काम करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि प्यार बांटने से कोई भी उद्योग और बेहतर होता है।
अभिनेता ने यहां शनिवार को आईफा अवॉर्ड्स के ग्रीन कार्पेट पर मीडिया से कहा, “सभी को एक-दूसरे के साथ काम करना चाहिए। मैं पाकिस्तानी फिल्मों और टीवी कार्यक्रमों में काम करना चाहता हूं। प्यार बांटने से कोई भी उद्योग और विकसित होता है।”
यहां आईफा समारोह में फिल्मकार ओमप्रकाश मेहरा और अमेरिका में बसी भारतीय अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो से बात करते हुए अनिल कपूर ने इस बात पर रोशनी डाली कि फिल्में समाज के लिए कैसे योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि नाच-गाना हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है, लेकिन हमारे पास अच्छी कहानियां भी हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि पूरी दुनिया में हर जगह इनकी सराहना होगी। फिल्मों के लिए ये सभी चीजें बेहद जरूरी हैं और दुनिया में इन सभी फिल्मों के बारे में जागरूकता भी बेहद जरूरी है।”
पुरस्कार समारोह में अनिल कपूर को ‘दिल धड़कने दो’ में अभिनय के लिए सहायक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
dharmpath.com dharmpath