पाकिस्तान : दलित संवाददाता को अलग भोजन करने पर मजबूर किया

इस्लामाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। कराची में एक हिन्दू संवाददाता को साथियों ने कार्यालय में एक अलग ग्लास में पानी पीने पर मजबूर किया। संवाददाता के साथ यह हरकत तब की गई जब यह बात सामने आई कि उसका संबंध दलित समुदाय से है।

टीवी चैनल ‘एक्सप्रेस न्यूज’ के अनुसार साहिब खान ओद पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (एपीपी) में बतौर वरिष्ठ संवाददाता काम करते हैं। उन्हें कथित रूप से समान ग्लास में पानी पीने और अन्य मुस्लिम कर्मचारियों के साथ बर्तन साझा करने से मना किया गया।

ओद सिंध प्रांत के दादू जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने इस्लामाबाद स्थित कायद-ए-आजम विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है।

ओद के साथ भेदभाव उसी वक्त शुरू हो गया जब उनके छोटे पुत्र राजकुमार उनके कार्यालय आए। लोगों को पता चला कि वह हिन्दू हैं और अनुसूचित जाति से हैं। इसके तुरंत बाद लोगों ने उनके साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया।

उन्होंने कहा, “दरअसल मेरे नाम में खान शब्द है, इसलिए शुरू में हर किसी ने सोचा कि मैं मुस्लिम हूं।”

ओद ने कहा, “ब्यूरो प्रमुख ने मुझसे पानी पीने का ग्लास अलग करने को कहा क्योंकि कुछ साथियों को आपत्ति थी।”

रमजान शुरू होने के बाद काम का माहौल और खराब हो गया। इफ्तार के समय समान भोजन की मेज पर उन्हें बैठने की इजाजत नहीं दी गई और वरिष्ठ साथियों ने ओद को सुझाव दिया कि अगर वह कार्यालय में भोजन करना चाहते हैं तो अपनी थाली और ग्लास लेकर आएं।

उन्होंने कहा, “मैंने अब दफ्तर के लिए एक ग्लास और एक थाली खरीदी है।”

एपीपी के कराची ब्यूरो प्रमुख परवेज असलम ने ऐसी किसी भी बात से साफ मना किया है। उन्होंने कहा, “ओद फ्लू से पीड़ित थे, इसलिए हमने उन्हें एक ग्लास की व्यवस्था करने की सलाह दी।”

असलम ने कहा कि उन्होंने ओद का उस वक्त समर्थन किया था जब उनका तबादला हैदराबाद से किया गया था। उन्होंने भेदभाव के आरोप को ‘विशुद्ध प्रोपेगैंडा’ बताया। उन्होंने कहा, “आप हमारे दफ्तर आइये और देखिए कि वह कैसे हमारे साथ इफ्तार करते हैं।”

इस बीच, एपीपी के प्रबंध निदेशक मसूद मलिक ने कहा है कि उन्होंने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493