ढाका, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक रेस्तरां में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 20 लोगों में कथित तौर पर बांग्लादेश के तीन नागरिक शामिल थे।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार, ट्रांसकॉम के मालिक लतीफुर रहमान की बेटी सिमीन हुसैन का सबसे छोटा बेटा फराज हुसैन की भी आतंकवादी हमले में मौत हो गई।
विभिन्न कंपनियों में विपणन अधिकारी रह चुके तथा ढाका आर्ट गैलरी के पूर्व अध्यक्ष इशरत अखोंड भी आतंकवादी हमले में मारे गए।
जिस तीसरे बांग्लादेशी नागरिक की इस आतंकवादी हमले में मौत हुई, उसकी पहचान गुलशन इलाके में ही स्थित एक सुपर स्टोर ‘लैवेंडर’ के मंजूर एवं नीलू मुर्शीद के 20 वर्षीय बेटे अबिंता कबीर के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार देर शाम आईएस के सात हथियारबंद आतंकवादी ‘अल्लाहू अकबर’ का नारा लगाते हुए ढाका के एक लोकप्रिय रेस्तरां में घुस गए और विदेशी नागरिकों सहित वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया।
बांग्लादेशी सुरक्षा बलों ने शनिवार शाम तक छह आतंकवादियों को मार गिराया और सातवें आतंकवादी को जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस दौरान आतंकवादियों ने एक भारतीय किशोरी सहित 20 लोगों की धारदार हथियारों से निर्मम तरीके से हत्या कर दी।
dharmpath.com dharmpath