मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर फिल्म पटकथा लेखक सलीम खान बेटे सलामान के ‘दुष्कर्म’ संबंधी विवादास्पद बयान को मीडिया में तूल दिए जाने से बेहद निराश हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि इस मामले पर उनकी ओर से माफी मांगे जाने के बाद उन्हें इस मुद्दे के ठंडे पड़ जाने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
सलीम (80) ने ट्वीट कर कहा, “आमतौर पर लोग परेशानी से निजात पाने के लिए माफी मांग लेते हैं, लेकिन मैंने इस उम्मीद में ऐसा किया कि मामला खत्म हो जाएगा। मीडिया अपने व्यावसायिक कारणों से इस मुद्दे को तूल दे रहा है।”
सलमान ने अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ की शूटिंग के संदर्भ में कहा था कि उन्हें फिल्म की शूटिंग के दौरान ‘दुष्कर्म की शिकार महिला जैसा महसूस होता था, क्योंकि वह इतने थक जाते थे कि शूटिंग के बाद उनके लिए चलना-फिरना और खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता था।’
सलमान के इस विवादस्पद बयान के बाद सलीम ने तुंरत माफी मांगते हुए कहा था कि उनके बेटे का मतलब किसी को आहत करना नहीं था, उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) और शिवसेना सहित अन्य ने इस बयान पर सलमान से माफी मांगने के लिए कहा।
महिला आयोग को सलमान को भेजे गए नोटिस का जवाब अभिनेता के वकील के जरिए मिला, लेकिन आयोग का कहना है कि इसमें अभिनेता ने माफी नहीं मांगी है।
महिला आयोग ने अब सलमान को समन भेजकर निजी तौर पर आठ जुलाई को पेश होने के लिए कहा है।
dharmpath.com dharmpath