आतंकवादी हमले के शोक में डूबा बांग्लादेश

ढाका, 3 जुलाई (आईएएनएस)। आतंकवादी हमले में अधिकांश विदेशी नागरिकों सहित 22 लोगों की मौत के बाद रविवार को बांग्लादेश में शोक का माहौल है।

सरकार ने दो दिनों के शोक की घोषणा की है। रविवार को राष्ट्रध्वज आधा झुका रहा।

समाचार वेबसाइट ‘द डेलीस्टार डॉट नेट’ के अनुसार, शोक प्रदर्शित करने के लिए आम नागरिकों ने काला बैज पहना और मस्जिदों, मंदिरों एवं अन्य पूजा स्थलों पर प्रार्थनाएं की गईं।

शुक्रवार की रात ढाका के राजनयिक क्षेत्र में स्थित लोकप्रिय होली आर्टिजन बेकरी रेस्तरां में कथित तौर पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सात आंतकवादी घुस गए और उन्होंने वहां मौजूद 30 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया।

आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच 12 घंटे तक चले मुठभेड़ में छह आतंकवादियों को मार गिराया गया, जबकि एक को जीवित पकड़ा गया। इस दौरान आतंकवादियों ने बंधक बनाए गए 20 लोगों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। सुरक्षा बलों ने 13 बंधकों को सुरक्षित छुड़ा लिया।

इस आतंकवादी हमले में दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने नाम का उल्लेख किए बगैर एक अधिकारी के हवाले से कहा है कि पीड़ितों में 10 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल हैं। सभी हमलावर आतंकवादी बांग्लादेश के ही नागरिक थे और उनमें से पांच पुलिस द्वारा वांछित थे।

बांग्लादेश सेना के अनुसार, मृतकों में बांग्लादेशी मूल का एक अमेरिकी नागरिक, इटली के नौ, जापान के सात, एक भारतीय किशोरी और दो बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शनिवार को पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त करने के लिए दो दिन के शोक की घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493