दमिश्क, 3 जुलाई (आईएएनएस)। अल-कायदा समर्थित अल नुसरा फ्रंट ने एक मृत सीरियाई पायलट का शव सीरियाई अधिकारियों को सौंप दिया है। नुसरा फ्रंट ने ही इस पायलट की हत्या की थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, लेफ्टिनेंट कर्नल नवरास अल-हसन का शव सीरियाई अधिकारियों को सौंप दिया गया। दमिश्क में विद्रोहियों के कब्जे वाले एक इलाके में पिछले सप्ताह उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, उसके बाद पायलट ने पैराशूट के जरिए विमान से छलांग लगाई, और जमीन पर आने के बाद विद्रोहियों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया था।
अल-हसन को दमिश्क के पूर्वी ग्रामीण इलाके के जयरुद कस्बे में मार डाला गया था।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अल-हसन एक प्रशिक्षण मिशन पर थे, और उसी दौरान उनके विमान में खराबी आ गई और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि समूह का दावा है कि विमान को मार गिराया गया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि सीरियाई वायुसेना जयरुद पर तीव्र हवाई हमले और गोलाबारी कर रहा था, जिसमें 43 लोग मारे गए और 10 अन्य घायल हुए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
dharmpath.com dharmpath