पेरिस, 4 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 में पहली बार खेल रही आइसलैंड टीम का सुनहरा सफर सेमीफाइनल में फ्रांस से मिली हार के साथ खत्म हो गया।
अपने घरेलू मैदान पर खेल रही फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आइसलैंड को 5-2 से मात दे दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अपने पिछले मैच में इंग्लैंड जैसी टीम को मात देने वाली आइसलैंड की टीम को फ्रांस के बेहतरीन खेल के आगे घुटने टेकने पड़े।
फ्रांस के लिए पॉल पोग्बा, दिमित्री पाएट, एंटोनी ग्रिजमान और ओलिवर गिरौड ने पहले हाफ में एक-एक गोल दागे, जिसकी बदौलत टीम ने आइसलैंड पर 4-0 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।
मध्यांतर के बाद आइसलैंड 56वें मिनट में पहला गोल कर सका। यह गोल कॉलबेंन सिगथोरसौन ने किया। गिरौड ने हालांकि 59वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर फ्रांस की बढ़त को 5-1 कर दिया।
अपनी हिम्मत इकट्ठा करते हुए आइसलैंड ने 84वें मिनट में दूसरा गोल किया, लेकिन जीत के लिए यह पर्याप्त नहीं था। यह गोल बिरकिर बियनसन ने किया।
आइसलैंड के एक कोच लार्स लागेरबाक ने फ्रांस को जीत पर बधाई दी और अपनी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई।
लार्स ने कहा, “फ्रांस बेहतरीन टीम थी और उनके दमदार खेल के आगे हमारा प्रदर्शन खराब लगा। मेरे लिए यह साढ़े चार साल का सफर काफी अच्छा रहा।”
कोच ने कहा कि आइसलैंड की टीम मानसिक रूप से खेल को अच्छे से संभाल नहीं पाई, लेकिन दूसरे हाफ में टीम ने गोल कर दर्शाया कि यह शारीरिक परेशानी नहीं है। इस प्रकार के मुकाबलों से सीखने की जरूरत है।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में फ्रांस का सामना गुरुवार को विश्व चैम्पियन जर्मनी से होगा। इससे पहले, बुधवार को लियोन में पुर्तगाल और वेल्स के बीच टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath