नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ब्रिक्स देशों की मादक पदार्थ नियंत्रण एजेंसियों के प्रमुखों की मादक पदार्थ रोधी कार्य समूह की द्वितीय बैठक का यहां शुक्रवार को उद्घाटन करेंगे।
बैठक का आयोजन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ऑफ इंडिया कर रही है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा, संबंधित देशों के राजदूत भी उद्घाटन सत्र में हिस्सा लेंगे।
बैठक में सीमा सुरक्षा बल के अलावा, अर्धसैनिक बलों के महानिदेशकों के साथ ही खुफिया ब्यूरो (आईबी) तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के प्रमुख भी हिस्सा लेंगे।
पांच उभरती अर्थव्यवस्थाओं- ब्राजील, रूस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रीका के संगठन ब्रिक्स की स्थापना भविष्य में आर्थिक सहयोग तथा वित्तीय संस्थानों में सुधार के लिए की गई है।
ब्रिक्स का सातवां शिखर सम्मेलन जुलाई 2015 में रूस में हुआ था, जबकि अक्टूबर 2016 में होने वाले शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत करेगा और यह गोवा में आयोजित होगा।
दक्षिण अफ्रीका के डर्बन में मार्च 2013 में स्वीकृत ‘थेकवानी घोषणापत्र’ के मुताबिक, सदस्य देशों के बीच आर्थिक मुद्दों के अलावा मादक पदार्थो के मुद्दों सहित सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की तलाश करने का फैसला लिया गया था।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के महानिदेशक राजीव राय भटनागर करेंगे और इसमें राजस्व, वित्त, सामाजिक न्याय व सशक्तिकरण, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एवं विदेश मंत्रालय के अधिकारी हिस्सा लेंगे।
बैठक का एजेंडा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों का क्षमता निर्माण व प्रशिक्षण होगा, साथ ही मादक पदार्थो के आदि हो चुके लोगों का पुनर्वास भी बैठक के एजेंडे में शामिल होगा।
dharmpath.com dharmpath