मुंबई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता शालीन भनोट का कहना है कि वह अपने बेटे शारव को काफी याद करते हैं। पत्नी दलजीत कौर से अलग होने के बाद से ही अभनेता अपने बेटे से अलग रह रहे हैं।
शालीन और दलजीत ने 2009 में शादी की थी और 2015 में दोनों अलग हो गए तथा इसके बाद उन्होंने पिछले सप्ताह आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
अपने दो साल के बेटे के बारे में एक बयान में शालीन ने कहा, “हर पिता अपने बेटे को याद करेगा। मैं शारव को बहुत याद करता हूं। काश वो मेरे साथ रह पाए। मुझे वीडियो डायरी बनाने की आदत है और जब भी मुझे उससे बात करने का मन करता है, मैं वीडियो डायरी बना लेता हूं और उसके लिए इसे संभाल के रखता हूं।”
शालीन को वर्तमान में टेलीविजन धारावाहिक ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ में दुर्योधन के किरदार में देखा जा रहा है। हालांकि, उनका कहना है कि इस किरदार के बाद वह खलनायक की भूमिका में नहीं दिखाई देंगे।
अभिनेता ने कहा, “मुझे अपने किरदार के लिए मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं से काफी अच्छा लग रहा है, लेकिन मैं अब खलनायक की भूमिका नहीं निभाऊंगा।”
शालीन ने कहा कि वह अपने अभिनय में सुधार करने की कोशिश करेंगे।
dharmpath.com dharmpath