मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘सिया के राम’ में राम और रावण के बीच होने वाले युद्ध को प्रामाणिक बनाने के लिए अभिनेता आशीष शर्मा और दानिश अख्तर जालंधर में पेशेवर पहलवान खली के संस्थान में प्रशिक्षण लेने जा रहे हैं।
धारावाहिक में हनुमान की भूमिका निभा रहे पहलवान से अभिनेता बने दानिश ने कहा, “खली ने कुश्ती के प्रारंभिक दिनों में मुझे प्रशिक्षित किया है। जब युद्ध के दृश्य की पटकथा आई तो मैंने सोचा कि मैं उनसे हम सबको प्रशिक्षित करने का अनुरोध करूंगा, ताकि किरदार के साथ पूरा न्याय हो सके और बेहतरीन प्रस्तुति दी जा सके।”
उन्होंने कहा, “मैं तब बहुत खुश हुआ, जब खली ने आशीष और मुझे जालंधर में अपने संस्थान आने के लिए कहा, जहां प्रशिक्षण दिया जाएगा।”
धारावाहिक ‘सिया के राम’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर होता है। यह रामायण सीता के दृष्टिकोण से बनाई गई है।
इसमें आशीष राम की भूमिका में हैं, जबकि मदिरक्षी सीता का किरदार निभा रही हैं।
dharmpath.com dharmpath