वाशिंगटन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के नीस शहर में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 84 लोगों में एक अमेरिकी पिता और उसका 11 वर्षीय बेटा भी शामिल है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि नीस में ब्रैस्टिल डे समारोह में उमड़ी भीड़ को ट्रक से रौंदने की घटना में 84 लोगों की मौत हो गई। इस भीड़ में वे दोनों भी थे।
किर्बी ने पिता और बेटे के नामों का खुलासा नहीं किया है।
हालांकि, परिवार के एक प्रवक्ता ने सीबीएस न्यूज से कहा कि दोनों मृतकों के नाम सीन कोपलैंड (51) और उनका बेटा ब्रॉडी (11) थे।
सीन कोपलैंड की बेटी मेगन कोपलैंड के मित्र जेस डेविस ने कहा कि दोनों अपने परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे थे।
सीबीएस डलास की रपट के मुताबिक, कोपलैंड टेक्सास के ऑस्टिन इलाके के निवासी थे।
डेविस के परिवार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, “हमारा दिल टूट गया है। ब्रॉडी कोपलैंड की मौत से सदमे में हैं।”
ब्रॉडी हिल काउंटी बेसबॉल टीम के लिए खेलते थे। उनकी टीम ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त करते हुए एक पोस्ट में कहा, “आप हमारे दिल, दिमाग, और प्रार्थनाओं में हैं। ब्रॉडी और सीन की आत्मा को शांति मिले। आप तमाम लोगों की जहन में रहेंगे।”
किर्बी ने कहा कि अमेरिका हमले में प्रभावितों को सहायता प्रदान कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath