पाकिस्तान फिल्म जगत कंदील की हत्या से सदमे में

इस्लामाबाद, 16 जुलाई (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर बोल्ड वीडियो और फोटो डालने के बाद से लोकप्रिय हुईं पाकिस्तानी मॉडल-अभिनेत्री कंदील ब्लूच की हत्या की खबर से देश का फिल्म जगत सदमे में है।

पाकिस्तान की ऑस्कर विजेता फिल्मकार शर्मीन ओबैद-चिनॉय, अभिनेत्री नादिया हुसैन, पूर्व मॉडल और फैशन कोरियोग्राफर फ्रिएहा अल्ताफ सहित कई कलाकारों ने इस पर शोक जताया।

फेसबुक पर बोल्ड वीडियो और बयान पोस्ट करने के लिए लोकप्रिय कंदील ‘ऑनर किलिंग’ का शिकार हुई। उनके भाई ने उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

यह घटना पंजाब प्रांत के मुल्तान इलाके में कंदील के पारिवारिक घर में हुई।

‘सेविंग फेस’ और ‘ए गर्ल इन दि रिवर : द प्राइस ऑफ फॉरगिवनेस’ जैसे वृतचित्रों के लिए अकादमी पुरस्कार जीत चुकी फिल्मकार शर्मीन ने ट्वीट कर कहा, “कंदील ‘ऑनर किलिंग’ का शिकार हुई हैं। ऑनर किलिंग विरोधी विधेयक पारित करने से पहले कितनी महिलाओं की मौत होगी?”

‘लेडीज पार्क’ और ‘शेर्ट’ जैसे टेलीविजन शो के लिए लोकप्रिय नादिया ने ट्वीट कर कहा, “क्या इसकी उम्मीद थी?”

फैशन कोरियोग्राफर फ्रिएहा ने कंदील को प्यारी और जिंदादिल बताते हुए अपने ट्वीट में कहा, “पिछली बार कंदील से बात हुई थी। वह काफी प्यारी, उत्साहित और जिंदादिल थी। यह घटना भयानक है। यह कब रुकेगी?”

पुरस्कार विजेता पत्रकार और फिल्मकार हसन जैदी ने इस हत्या को एक बर्बर घटना करार दिया।

उन्होंने कहा, “कंदील की उसके भाई ने हत्या कर दी। उनके साथ जो भी हुआ, उससे हमारी नैतिकता को काफी सदमा लगा है। यह बर्बर घटना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493