कुआलालम्पुर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। मलेशिया एयरलाइंस के विमान एमएच 17 के हादसे की दूसरी बरसी पर प्रधानमंत्री नजीब तुन रजाक ने रविवार को संकल्प लिया कि सरकार इस हादसे के सही कारणों का खुलासा करने की कोशिशें करती रहेगी।
रजाक ने रविवार को ट्वीट किया, “मलेशिया सरकार इस हादसे की वजह को उजागर करने की कोशिशों में निरंतर लगी हुई है।”
समाचार पत्र ‘मलेशिया स्टार’ की रिपोर्ट में रजाक के हवाले से कहा गया है कि दो वर्ष पहले हुआ यह हादसा आपराधिक कार्य था, जिसने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया था और जिसके कारण विमान में सवार सभी 298 लोगों की मौत हो गई थी।
डच सेफ्टी बोर्ड की बीते वर्ष आई अंतिम रिपोर्ट में कहा गया था कि एमएच 17 विमान को पूर्वी यूक्रेन में रूस निर्मित बुक मिसाइल से मार गिराया गया था।
नजीब के हवाले से समाचार पत्र ने लिखा है, “हम उस विमान में सवार यात्रियों और चालक दल को नहीं भूल सकते और न ही पीड़ितों के परिवार वालों को भूला जा सकता है। हमारे विचार और संवेदनाएं उनके साथ हैं।”
dharmpath.com dharmpath