ढाका, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश पुलिस ने गत 1 जुलाई को ढाका कैफे पर हमला करने वाले आतंकियों में एक शफीकुल इस्लाम उज्जल के एक करीबी कॉलेज शिक्षक को गिरफ्तार किया है। हमले में 20 से अधिक लोगों की हत्या की गई थी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वेबसाइट बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के मुताबिक पियार अली स्कूल एवं कॉलेज के शिक्षक मिलोन हुसैन को शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मिलोन को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
मिलोन लालमोनिरहाट का रहने वाला है। उसने ढाका के निकट अशुलिया में मडबार मेमोरियल स्कूल में काम किया था।
अधिकारी ने कहा कि मिलोन ने उज्जल को स्कूल में शिक्षक की नौकरी दिलाने में मदद दी थी।
कैफे के बंधकों को छुड़ाने के क्रम में मारे गए 6 आतंकियों में एक उज्जल भी था।
बीडीन्यूज24 के मुताबिक इस्लामिक स्टेट ने पांच बंदूकधारियों की तस्वीरें छापी थीं और दावा किया कि इन लोगों ने कैफे में 20 से अधिक लोगों की हत्या की थी।
‘आईएस के पांच लड़ाकों’ में उज्जल भी एक था। उसने बोग्रा के एक मदरसे में पढ़ाई की थी।
उज्जल के परिवार ने कहा कि हमले से छह महीने पहले उसने घर छोड़ दिया था।
dharmpath.com dharmpath