इस्लामाबाद, 19 जुलाई (आईएएनएस)। सिंध प्रांत के मुख्य न्यायाधीश सज्जाद अली शाह के बेटे अवैस अली शाह को तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) पाकिस्तान से अलग हुए गुट से छुड़ा लिया गया है। आईएसपीआर के महानिदेशक असीम बाजवा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
‘द न्यूज इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बाजवा ने कहा कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के एक अभियान के तहत शाह को छुड़ा लिया।
बाजवा ने बताया कि अपहरणकर्ता एक नीली कार में अवैस के साथ यात्रा कर रहे थे। टैंक कस्बे में एक सुरक्षा चौकी के पास रोके जाने पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। वह शाह को अफगानिस्तान ले जाना चाहते थे।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और सिंध के मुख्यमंत्री सैयद कयम अली शाह ने मुख्य न्यायाधीश को उनके बेटे के मुक्त होने पर बधाई दी है।
अवैस अली शाह मंगलवार को अपने घर लौट आए। कराची के क्लिफ्टन इलाके में स्थित एक सुपर स्टोर से उनका अपहरण कर लिया गया था।
बाजवा ने मीडिया को बताया कि शाह बुर्के में मिले थे और उनसे बार-बार अपनी पहचान साबित करने को कहा गया था।
मुख्य न्यायाधीश ने अपने बेटे के सकुशल लौटने पर मंगलवार को पाकिस्तानी सेना और सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “जनरल राहील शरीफ ने सुबह तीन बजे मुझे काल किया और बताया कि मेरे बेटे को छुड़ा लिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath