मैं नेमार पर निर्भर रहना चाहता हूं : मिशेल

रियो डी जेनेरियो, 20 जुलाई (आईएएनएस)। अगले महीने रियो डी जेनेरियो में शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों में ब्राजील फुटबाल टीम के कोच रोजेरियो मिशेल का कहना है कि अगर उनकी टीम स्टार खिलाड़ी नेमार पर निर्भर रहती है तो वह इससे खुश होंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मिशेल 24 वर्षीय नेमार से मंगलवार को टीम के अभ्यास के दौरान ही मिले हैं। टीम इस समय रियो के समीप टेरेसपोलिस में अभ्यास कर रही है।

उन्होंने कहा, “मैंने जैसी उम्मीद की थी उनका प्रभाव मुझ पर उससे कहीं अच्छा था। वह काफी उत्साहित हैं, वह जानते हैं कि ओलम्पिक क्या है और वह टीम की ज्यादा से ज्यादा मदद करना चाहते हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि वह टीम के नेमार के ऊपर निर्भर रहने को लेकर चिंतित हैं? उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, “मैं नेमार पर निर्भर रहना चाहता हूं। उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाना कौन नहीं चाहता। मैं हमेशा उन्हें अपनी टीम में चाहता था, लेकिन मैं यह भी चाहता हूं कि वह खुश होकर खेलें।”

मिशेल ने पूर्व कोच डुंगा की जगह पिछले महीने ही ब्राजील ओलम्पिक फुटबाल टीम के कोच का पदभार संभाला है। डुंगा को खराब प्रदर्शन के कारण कोच पद से हटा दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493