रियो डी जेनेरियो, 21 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने अगले माह से होने वाले ओलम्पिक खेलों के मेजबान रियो डी जनेरियो स्थित ड्रग परीक्षण करने वाली प्रयोगशाला से प्रतिबंध हटा लिया है।
वाडा के इस फैसले से रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का ड्रग टेस्ट करने में मदद मिलेगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ब्राजील की डोपिंग नियंत्रण प्रयोगशाला और एलबीसीडी को वाडा ने अपने मापदंडो के मुताबिक न पाए जाने के बाद प्रतिबंधित कर दिया था।
बुधवार को जारी किए गए बयान में वाडा ने हालांकि यह नहीं बताया है कि प्रयोगशाला ने ऐसे क्या सुधार किए, जिनके कारण उनसे प्रतिबंध हटा लिया गया।
वाडा के महानिदेशक ओलिविएर निग्ली ने एक बयान में कहा है, “खिलाड़ी इस पर भरोसा कर सकते हैं कि सभी प्रयोगशालाओं में अब नमूनों की डोपिंग रोधी जांच ठीक तरह से होती रही है और ओलम्पिक खेलों के दौरान भी यह काम जारी रहेगा।”
वाडा ने पहले कहा था कि पांच से 21 अगस्त तक होने वाले ओलम्पिक खेलों के दौरान लिए जाने वाले खिलाड़ियों के रक्त और मूत्र के नमूनों का परीक्षण ब्राजील के बाहर वाडा से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में किया जाएगा।
एलबीसीडी को भी वाडा ने 2014 में हुए फुटबाल विश्व कप से पहले प्रतिबंधित कर दिया था। इस प्रतिबंध को पिछले साल मई में हटा लिया गया था। प्रतिबंध हटाने के लिए प्रयोगशाला ने छह करोड़ डालर का निवेश कर नए उपकरण और कर्मचारियों की नियुक्ति की थी।
dharmpath.com dharmpath