जर्मनी के म्यूनिख में गोलीबारी, हमलावर सहित 10 की मौत

म्यूनिख पुलिस प्रमुख हुबेर्टस एंड्रे ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि शॉपिंग मॉल में नौ लोगों को मौत के घाट उतारने वाले हमलावर ने बाद में स्वयं को भी गोली मार दी।

पुलिस ने ट्वीट कर बताया, “हमें एक शख्स मिला है, जिसने खुद को ही गोली मार दी है। हमने लगता है कि यह हमलावर है।”

उन्होंने कहा कि इस घटना में 21 लोग घायल हो गए, जिसमें तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

‘सीएनएन’ ने पुलिस प्रमुख के हवाले से बताया कि हमलावर 18 वर्षीय ईरानी मूल का जर्मन नागरिक है, जो पिछले दो से अधिक वर्षो से यहां रह रहा है।

उन्होंने कहा, “पुलिस को नहीं लगता कि इस हमलावर के और साथी भी इसमें शामिल हैं।”

‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी गोलीबारी का कारण स्पष्ट नहीं है। इस घटना के बाद लगभग 2,300 पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने गोलीबारी के बाद दक्षिणी जर्मनी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया।

म्यूनिख के मुख्य रेल स्टेशन को भी खाली करा लिया गया और परिवहन व्यवस्था रद्द कर दी गई।

‘बीबीसी’ के मुताबिक, लोगों ने सोशल मीडिया पर मदद के लिए बांहे खोल दीं। उन्होंने फंसे हुए लोगों को अपने घरों में पनाह देने की पेशकश की।

जर्मनी में मुसलमान समाचार पत्र ‘इस्लामिक जेतुंग’ ने ट्वीट कर कहा म्यूनिख में मस्जिदें रातभर खुली रहेंगी। यदि कोई जरूरतमंद शरणार्थी पनाह लेना चाहता है तो वह वहां जा सकता है।

म्यूनिख आपातकाल की घोषणा कर दी गई है और विशेष सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

मीडिाय में म्यूनिख के मैरियनप्लैट्ज स्टेशन पर गोलीबारी की भी खबरे हैं।

जर्मनी के राष्ट्रपति जोआचिम गॉक का कहना है कि वह म्यूनिख में गोलीबारी की खबर से सकते में हैं।

गॉक ने जारी बयान में कहा, “मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ितों के साथ हैं।”

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी जर्मनी को हरसंभव मददद देने की प्रतिबद्धता जताई।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने भी इस हमले की निंदा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493