वाशिंगटन, 24 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में अगले माह शुरू होने वाले ओलम्पिक खेलों में अमेरिका का 555 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह दल 27 खेलों की 244 स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा।
अमेरिका ओलम्पिक समिति ने रविवार को अपनी घोषणा में बताया कि देश के 555 सदस्यीय दल में 292 महिलाएं और 263 पुरुष शामिल हैं।
यह दूसरी बार हो रहा है कि अमेरिका के दल में महिलाओं की संख्या अधिक है। इससे पहले लंदन ओलम्पिक-2012 में हिस्सा लेने वाले अमेरिकी दल में 269 महिलाएं और 261 पुरुष शामिल थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस टीम में 68 ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी शामिल हैं।
इस दल में ओलम्पिक खेलों में 18 स्वर्ण पदक जीत चुके दिग्गज अमेरिकी तैराक माइकल फेल्प्स के साथ-साथ चार बार की ओलम्पिक विजेता एथलीट एलिसन फेलिक्स, टेनिस दिग्गज सेरेना और वीनस विलियम्स भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath