भारत के चोपड़ा ने भाला फेंक स्पर्धा में बनाया विश्व रिकॉर्ड

बिडगॉश (पोलैंड), 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने यहां चल रहे आईएएएफ अंडर-20 विश्व चैम्पियनशिप में नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

नीरज ने यहां शनिवार को विश्व चैम्पियनशिप के दौरान भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में 86.48 मीटर दूर भाला फेंकते हुए यह विश्व कीर्तिमान बनाया।

नीरज ने लातविया के जिगिस्मंड्स सिरमाइस के पूर्व विश्व कीर्तिमान को करीब दो मीटर से पीछे छोड़ दिया।

इसके साथ ही नीरज आईएएएफ अंडर-20 विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट भी बन गए।

भाला फेंक में किसी भी अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा में विश्व कीर्तिमान रचने वाले पहले भारतीय बन चुके नीरज ने 82.23 मीटर के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को भी दुरुस्त कर लिया, जो उन्होंने इसी वर्ष दक्षिण एशियाई खेलों के दौरान बनाया था।

नीरज का पिछला प्रदर्शन भी राष्ट्रीय कीर्तिमान रहा था।

विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल के पहले प्रयास में 79.66 मीटर दूर भाला फेंकने वाले नीरज ने कहा, “मैं अपेक्षा से काफी दूर फेंकना चाहता था, लेकिन कभी ऐसी उम्मीद नहीं थी कि 86 मीटर से ज्यादा दूर मैं भाला फेंक पाऊंगा और अंडर-20 विश्व कीर्तिमान स्थापित कर पाऊंगा।”

अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) की आधिकारिक वेबसाइट पर नीरज के हवाले से कहा गया है, “मेरा सर्वोपरि लक्ष्य ओलम्पिक में क्वालीफाई करना था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद मेरा दूसरा सर्वोच्च लक्ष्य अंडर-20 विश्व चैम्पियनशिप में जीतना था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493