जूनियर हॉकी : भारत ने स्कॉटलैंड को 5-1 से पटखनी दी

मार्लो (इंग्लैंड), 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने इंग्लैंड दौरे के अपने दूसरे मैच में रविवार को स्कॉटलैंड को 5-1 से करारी मात दे दी।

बिशम एबे स्पोर्ट्स सेंटर में हुए इस मैच में अजय यादव और वरुण कुमार ने भारत के लिए दो-दो गोल दागे, जबकि गुरजंत सिंह ने एक गोल किया।

अजय ने अपने दोनों गोल शुरुआती 30 मिनट में दागे और भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ वरुण ने पहला गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर जबकि दूसरा गोल पेनाल्टी स्ट्रोक पर किया और भारत ने 4-0 से बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

गुरजंत सिंह ने भारत के लिए आखिरी गोल फील्ड गोल के रूप में किया।

स्कॉटलैंड ने शुरुआत आक्रामक की और जल्द ही पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि भारतीय टीम ने इस पेनाल्टी कॉर्नर को विफल कर दिया और तेज पलटवार करते हुए अपना पहला पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया, हालांकि वरुण का शॉट गोलपोस्ट से बाहर रहा।

लेकिन अजय के पहले गोल के साथ ही भारतीय टीम ने मैदान पर अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी। पहले क्वार्टर की समाप्ति से ठीक पहले भारतीय गोलकीपर सूरज कारकेरा ने दो शानदार बचाव किए।

भारत के लिए सूरज का यह योगदान अहम साबित हुआ और अजय ने दूसरे क्वार्टर में भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में वरुण ने टीम के लिए तीसरा गोल किया।

0-5 से निश्चित हार की ओर बढ़ रही स्कॉटलैंड टीम ने आखिरी मिनट में अपना एकमात्र गोल किया। स्कॉटलैंड के लिए यह गोल विलियम मार्शल ने किया, हालांकि यह गोल भारत से जीत छीनने के लिए नाकाफी थी।

भारतीय टीम की इंग्लैंड दौरे पर यह दूसरी जीत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493