नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के सरोद वादक अयान अली बंगश का कहना है कि उन्होंने तथा उनके भाई अमान अली ने जिस भी कॉन्सर्ट में प्रस्तुति दी, उसे मामूली नहीं समझा।
ग्रैमी पुरस्कार (बेस्ट ट्रेडिशनल वर्ल्ड म्यूजिक अल्बम 2005) के लिए नामित हो चुके तथा 2006 में एमटीवी इंडिया लाइक्रा अवार्ड जीतने वाले सरोद वादक बंगश भाइयों ने दुनियाभर के कई कॉन्सर्ट में प्रस्तुति दी है।
अयान का मानना है कि आपके लिए हर कॉन्सर्ट आपका पहला कॉन्सर्ट होना चाहिए।
सरोद वादक ने आईएएनएस को बताया, “हम काफी भाग्यशाली हैं कि हमें विश्व के कई बेहतरीन स्थलों पर गाने का अवसर मिला। मुझे रॉयल फेस्टिवल हॉल, विगमोरे हॉल, सिडनी ओपेरा और कार्नेगी हॉल सहित कई स्थलों पर प्रस्तुति देना काफी अच्छा लगा। हम संगीत प्रेमियों से इतना प्यार पाकर काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। यह एक लंबा सफर है।”
अयान ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि उन्होंने किसी भी कॉन्सर्ट को मामूली नहीं समझा और न ही उसे हल्के में लिया।
dharmpath.com dharmpath