फ्रांस : गिरजाघर हमले में पादरी व दोनों हमलावर मारे गए (लीड-2)

पेरिस, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरी फ्रांस के रोएन के समीप एक गिरजाघर में एक हमले में एक पादरी और अन्य लोगों को बंधक बनाने वाले चाकू से लैस दोनों व्यक्ति मारे गए हैं। घटना में पादरी की भी मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इन व्यक्तियों ने सेंट-एटिएने-ड्यू-रॉवरे में स्थित गिरजाघर में प्रार्थना सभा के दौरान प्रवेश किया और पादरी, दो नन और गिरजाघर में उपस्थित कुछ अन्य लोगों को बंधक बना लिया।

फ्रेंच टीवी के मुताबिक घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के बाद कई गोलियों की आवाजें सुनाई दी। बंधक बनाने वाले दोनों व्यक्तियों को मार गिराया गया।

कम से कम एक घायल व्यक्ति का उपचार किया जा रहा है।

इलाके की घेराबंदी कर ली गई है।

एक स्थानीय ब्यूटी पार्लर की कर्मचारी युलली गार्सिया ने कहा कि वह 92 वर्षीय पादरी को बचपन से जानती थीं।

गार्सिया ने कहा, “मेरा परिवार 35 वर्षो से यहां रहता है और हम उन्हें शुरू से जानते थे।”

उन्होंने कहा, “वह समुदाय के एक सम्मानित व्यक्ति थे। वह बेहद विचारशील थे और लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास नहीं करते थे।”

बंधक बनाने वालों की फिलहाल पहचान नहीं हुई है और उनके इरादे का भी पता नहीं चला है।

फ्रांस नीस शहर में 14 जुलाई के हमले के बाद से हाई अलर्ट पर है, जब एक व्यक्ति ने बास्तील डे के उत्सव के लिए जुटी भीड़ को एक ट्रक से रौंद दिया था। इस घटना में 84 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से भी अधिक घायल हो गए थे।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और आंतरिक मंत्री बर्नार्ड काजेन्योवे पुलिस से विवरण लेने के लिए शहर की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

आतंरिक मंत्रालय ने कहा है कि घटना की जांच आतंकवाद रोधी अभियोजन पक्ष के नेतृत्व में की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493