नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग ने मंगलवार को कारगिल दिवस पर उन वीर शहीदों को याद किया, जिन्होंने साल 1999 में पाकिस्तान के नापाक मंसूबों से देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्यौछावर कर दी थी।
स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग ने मंगलवार को दिल्ली चरण के तीसरे दिन के मुकाबलों से पहले राष्ट्रगान गाने के लिए कारगिल में अपनी जान देश के नाम कुर्बान करने वाले अमर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के माता-पिता को आमंत्रित किया।
विक्रम बत्रा की मां कमला कांत बत्रा और पिता गिरधारी लाल बत्रा का स्टेडियम में मौजूद चार हजार लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। इन तालियों में विक्रम और कारगिल युद्ध में जान न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के लिए सम्मान छुपा था।
विक्रम ने सात जुलाई 1999 को 24 साल की उम्र में देश के लिए जान कुर्बान कर दी थी।
विक्रम के घर का नाम शेर शाह था और वह शेर की तरह दहाड़ते हुए ऑपरेशन विजय के दौरान पाकिस्तानियों पर टूट पड़े थे और टाइगर हिल के पास प्वाइंट 4875 के करीब उनसे लड़ते हुए शहीद हुए थे।
dharmpath.com dharmpath