नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। देश में वित्त वर्ष 2015-16 की चौथी तिमाही में आवासीय संपत्ति की बिक्री में तीन फीसदी की गिरावट के बाद वित्तवर्ष 2016-17 की पहली तिमाही में इसमें 8 फीसदी का इजाफा देखा गया है। संख्या के मामले में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी बेंगलुरू, पुणे और मुंबई में हुई है।
वित्तवर्ष 2016-17 की अप्रैल-जून तिमाही में शीर्ष के 9 शहरों में कुल 61 फीसदी बिक्री हुई है। यह जानकारी ऑनलाइन रियल इस्टेट एडवाईजर प्रोपटाइगर की ‘रियल्टी डिकोडेड’ रिपोर्ट में जारी की गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि इस तिमाही में नए लांच में 14 फीसदी की वृद्धि हुई है और कुल 41,000 इकाईयां लांच की गई। इनमें से 50 फीसदी से अधिक लांच किफायती सेगमेंट में की गई है।
यह अध्ययन भारत के 9 प्रमुख शहरों मुंबई, पुणे, नोएडा, गुड़गांव, बेंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद में किया गया।
प्रोपटाइगर के अध्ययन के अनुसार, इस तिमाही में इन्वेंटरी ओवरहैंड का दबाव कम हुआ है। वित्तवर्ष 2016-17 की पहली तिमाही में इन्वेंटरी 38 महीनों से घटकर 35 महीने हो गया। वहीं, बिना बिके इन्वेंटरी में पिछली तिमाही के मुकाबले 2 फीसदी की कमी आई है। हालांकि गुड़गांव एवं नोएडा अभी भी बिना बिकी संपत्तियों की संख्या काफी ज्यादा है। अब किफायती हाउसिंग के विकास के लिए केंद्र सरकार की नीतियां एवं योजनाएं परिणाम दे रही हैं।
इस बारे में प्रोपटाइगर डॉट कॉम और मकान डॉट कॉम के बिजनेस हेड (कंसल्टिंग एवं डेटा इनसाईट्स) अनुराग झंवर ने बताया, “भारत में आवासीय रियल इस्टेट ब्याज दरों के आसान बनने, स्थिर कीमतों एवं संतुलित आपूर्ति के चलते अपने संक्रमण बिंदु पर है। आने वाली तिमाहियों में अधिक गति दिखाई देगी क्योंकि स्मार्ट सिटी मिशन एवं अमृत योजनाओं, किफायती हाउसिंग और अन्य अवसंरचना परियोजनाओं के चलते क्रियान्वयन का महत्व बढ़ जाएगा। बिक्री एवं कीमतों के सीमा में रहने की उम्मीद है और अल्पकाल के लिए सकारात्मक रुख रहेगा।”
इस तिमाही में गुड़गांव एवं नोएडा में बिक्री के ट्रेंड में बदलाव देखा गया, दोनों ही शहरों में सात सालों एवं चार लगातार तिमाहियों के बाद बिक्री में वृद्धि देखी गई।
प्रोपटाइगर डॉट कॉम और मकान डॉट कॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव अग्रवाल ने बताया, “वित्त वर्ष 2016-17 की पहली तिमाही आवासीय बाजारों के लिए सकारात्मक रही और बिक्री में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अब बाजार से बाहर बैठे अंतिम उपभोक्ताओं ने बाजार में प्रवेश करना शुरू कर दिया है और अहमदाबाद एवं हैदराबाद जैसे शहर सकारात्मक वृद्धि दिखा रहे हैं। इस तिमाही में सर्वोच्च शहरों में नए लॉन्च में 14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ अब बुरा दौर खत्म हो चला है।”
dharmpath.com dharmpath