रियो डी जेनेरियो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील के फारवर्ड खिलाड़ी नेमार ने उन सभी दावों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया है कि ‘पार्टी ब्वॉय’ छवि और व्यस्त जीवन शैली के कारण उनका ध्यान अगले माह रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों से हट सकता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बार्सिलोना के 24 वर्षीय स्टार खिलाड़ी ने यहां मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मुझे लगता है कि आपको यह देखने की जरूरत है कि मैंने मैदान पर क्या किया है? मैदान के बाहर जो भी है, वह मेरा निजी जीवन है।”
नेमार ने कहा, “मुझे अपने दोस्तों के साथ घूमना और मजे करना पसंद है। मेरा परिवार भी है, तो मैं क्लबों में क्यों न जाऊं? मैं जा सकता हूं और जाऊंगा। मैं अगले दिन की अपनी जिम्मेदारियों से भलीभांति परिचित रहता हूं।”
नेमार की ब्राजील मीडिया द्वारा अक्सर पार्टी और अन्य हस्तियों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने के लिए आलोचना की जाती रही है।
ब्राजील के लिए उनके पिछले प्रदर्शनों पर भी सवाल उठे हैं।
dharmpath.com dharmpath