पिपरई को 15 अगस्त से तहसील का दर्जा, मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा मुंगावली में अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार अपना संकल्प पूरा कर प्रदेश में बिजली कटौती के कलंक को मिटाकर ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देगी। इसके लिये प्रदेश में अटल ज्योति अभियान शुरू किया गया है। श्री चौहान आज अशोकनगर जिले के मुंगावली में अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने मुंगावली तहसील के पिपरई कस्बे को 15 अगस्त से तहसील बनाने, 132 के.व्ही. के विद्युत उप-केन्द्र की स्वीकृति तथा समूह पेयजल योजना शीघ्र पूर्ण करवाये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 162 करोड़ की लागत के 43 कार्य का भूमि-पूजन तथा लोकार्पण भी किया।
श्री चौहान ने कहा कि गरीब परिवार के बड़ी राशि के बिजली के बिल माफ किये जायेंगे। बीपीएल परिवारों को 25 यूनिट तक बिजली निःशुल्क दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बिजली देने के कार्य पर 23 हजार करोड़ की राशि व्यय की गई है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में 24 घंटे बिजली मिलने से अब लघु तथा कुटीर उद्योगों का जाल फैलेगा और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का जिक्र करते हुए युवाओं से स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्म-निर्भर बनने के लिये मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना का लाभ उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को प्रतिमाह बिजली के बिल जमा करने और मीटर-रीडिंग की झंझट से मुक्ति मिलेगी। इसके लिये किसान को बिजली का बिल 1200 रुपये प्रति हार्स-पॉवर प्रतिवर्ष दो किश्त में जमा करने होंगे। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी, 2013 के पूर्व के पुराने बड़े बिजली बिल का शत-प्रतिशत सरचार्ज माफ किया जायेगा। बिल की मूल राशि का 50 प्रतिशत राज्य सरकार और 50 प्रतिशत उपभोक्ता को भरना होगा।
ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि अशोकनगर जिले में अटल ज्योति अभियान के शुभारंभ से 815 ग्रामों में बिजली कटौती के कलंक से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर की सुविधाओं के समान ग्रामीण क्षेत्र में भी सुविधाएँ पहुँचे, इसके लिये बिजली पहुँचाना आवश्यक था। अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्र के समान बिजली मिलने का कार्य आज से शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 14 सरपंच को अटल ज्योति अभियान के किट प्रदाय किये। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास राज्य मंत्री तथा जिला प्रभारी श्री मनोहर ऊँटवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मलकीत सिंह संधु, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री यादवेन्द्र सिंह यादव, विधायक सर्वश्री श्री राव देशराज सिंह, लड्डूराम कोरी, राव राजकुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भानु रघुवंशी, पूर्व मंत्री श्री गोपीलाल जाटव, पूर्व विधायक सर्वश्री नीलम सिंह यादव, जगन्नाथ सिंह रघुवंशी सहित अनेक जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath