भोपाल में मंत्री विजय शाह के विरुद्ध महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल-मध्य प्रदेश सरकार के बड़बोले मंत्री विजय शाह एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में हैं। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्री शाह का बंगला घेराव करने जा रही महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल, प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने पिछले दिनों रतलाम में अधिकारियों की बैठक लेते हुए लाड़ली बहना योजना का लाभ प्राप्त कर रहीं महिलाओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि मुख्यमंत्री के सम्मान कार्यक्रम के लिए जिले की ढाई लाख लाडली बहनों में से कम से कम 50 हजार को आना चाहिए। सरकार हर बहन को 1500 रुपये दे रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री के दो साल पूरे होने पर बहनों को अपने भाई का सम्मान करना चाहिए। मंत्री ने यहां तक कहा कि जो बहनें कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनकी जांच कराई जाए।

इसके विरोध में महिला कांग्रेस प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। महिला कांग्रेस उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रही है। पिछले दो दिनों में महिला कांग्रेस के द्वारा पूरे प्रदेश के हर शहर और जिले में विजय शाह का पुतला जलाया गया। शुक्रवार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में सैकडों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समूह श्यामला हिल्स में विजय शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने के लिए जुलूस के रूप में रवाना हुआ। सभी महिलाएं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुईं और वहां से जुलूस के रूप में रवाना हुईं।

इस दौरान पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए पूरे रास्ते को जाम कर दिया। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका गया। इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ता बंद कर रोक लिया। इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा बल प्रयोग करते हुए सभी महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया अपने सैंकड़ों महिला कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी।

 

 

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493