MP:अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नहीं जाएंगे प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई

भोपाल- प्रदेश के प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति फैज अहमद किदवई अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नहीं जाएंगे। सरकार ने उन्हें इसके लिए अनुमति नहीं दी है। केंद्र सरकार ने उन्हें अतिरिक्त सचिव के लिए सूचीबद्ध किया है। वहीं, अपर सचिव छवि भारद्वाज, नंदकुमारम और उप सचिव स्तर के अधिकारी विकास नरवाल को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया है।

केंद्रीय अतिरिक्त सचिव या समकक्ष पद पर सूचीबद्ध होने के बाद फैज अहमद किदवई ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की इच्छा जताई थी। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया पर सरकार ने अनुमति नहीं दी। इसके पूर्व भी प्रमुख सचिव स्तर की अधिकारी रश्मि अरुण शमी को अनुमति नहीं मिली थी।
प्रदेश में सचिव स्तर के अधिकारियों की कमी है। यही कारण है कि प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों को संभागायुक्त या समकक्ष पदों पर पदस्थ किया गया है। हालांकि, अब आइएएस संवर्ग के पुनरीक्षण संबंधी प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने अनुमति दे दी है।

इससे नगर निगम कमिश्नर, विद्युत वितरण कंपनियों के प्रबंध संचालक के पद आइएएस संवर्ग के होंगे। अभी इन स्थानों पर आइएएस अधिकारी पदस्थ हैं लेकिन यह असंवर्गीय पद हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि छवि भारद्वाज और नंदकुमारम को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी पदस्थ किया गया है। वहीं, विकास नरवाल को कोच्चि पोर्ट ट्रस्ट में पदस्थ किया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493