मऊगंज-मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की रहने वाली 19 वर्षीय आकांक्षा चतुर्वेदी ने 20 मई को नागपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब सामने आए उसके सुसाइड नोट ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। नोट में उसने लिखा कि उसे पहले परीक्षा में अच्छे अंक आने की उम्मीद थी लेकिन दोबारा होने वाली परीक्षा में सफलता की कोई गारंटी नहीं है। उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। परिजनों का आरोप है कि नीट 2026 परीक्षा के पेपर लीक और उसके बाद परीक्षा रद्द होने की खबर से वह गहरे सदमे में चली गई थी।
आकांक्षा मऊगंज जिले के मगनिया गांव की रहने वाली थी और डॉक्टर बनने का सपना लेकर नागपुर में नीट की तैयारी कर रही थी। परीक्षा देकर लौटने के बाद वह काफी उत्साहित थी। परिवार के मुताबिक, उसे विश्वास था कि इस बार उसका चयन हो जाएगा लेकिन जैसे ही परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक की खबरें सामने आई वैसे ही उसका आत्मविश्वास टूटने लगा।
dharmpath.com dharmpath