मिस्र : फोटो पत्रकार 5 वर्ष बाद जेल से रिहा

काहिरा, 4 मार्च (आईएएनएस)। वर्ष 2013 में एक इस्लामिक प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में पांच वर्ष से अधिक समय तक कारावास की सजा भुगतने के बाद मिस्र के एक पुरस्कार विजेता फोटो पत्रकार को रिहा कर दिया गया।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, मोहम्मद अबु जैद ऊर्फ शॉकन को 14 अगस्त 2013 से हिरासत में लिया गया था। उन्हें काहिरा के रब्बा अल-अदाविया स्क्वायर में मुस्लिम ब्रदरहुड के धरने को कवर करने के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

शॉकन के फेसबुक पेज पर उनकी रिहाई से संबंधित पोस्ट के अनुसार, “शॉकन रिहा हो गए।”

अबु जैद ने अपने ट्विटर खाते में अपनी रिहाई की खुशी वाली तस्वीर साझा की।

फोटो पत्रकार के वकील ताहेर अल-नासर ने एफे से कहा कि शॉकन को गिजा के अल-हराम जिले के एक पुलिस स्टेशन से सुबह छह बजे रिहा किया गया।

शॉकन ने 2018 यूनेस्को/गुल्लीरमो कानो प्रेस फ्रीडम पुरस्कार जीता था, जिसकी घोषणा घाना में 2 मई 2018 को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर की गई थी।

उनके वकील ने एफे को बताया कि फोटो पत्रकार को अगले पांच वर्ष तक प्रोबेशन के अधीन रखा जाएगा, जिसका मतलब है उसे सूर्यास्त के बाद प्रत्येक रात को पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करना होगा।

उन्होंने कहा कि इन पाबंदियों को हालांकि गृह मंत्रालय द्वारा समायोजित किया जा सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493