इंदौर की ड्रग्स वाली आंटी और उसके भाजपा नेताओं से सम्बन्ध

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी में हाल ही में पकड़े गए अंतराष्ट्रीय ड्रग्स और सेक्स रैकेट के तार अब बीजेपी के बड़े बड़े नेताओं से जुड़ने लगे हैं। बताया जा रहा है कि रूस से सेक्स वर्कर्स मंगवाकर बड़े-बड़े लोगों को सप्लाई करने वाली आंटी प्रीति जैन का बेटा बीजेपी का सक्रिय कार्यकर्ता है। प्रीति जैन के बेटे की कई तस्वीरें भी सामने आई है जिन्हें सीएम शिवराज समेत बीजेपी के अन्य दिग्गजों के साथ उसकी नजदीकियों का संकेत बताया जा रहा है।

इस मामले में कांग्रेस ने बीजेपी और सीएम शिवराज पर जमकर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्यवयक नरेंद्र सलूजा ने बयान जारी कर कहा है कि इन तस्वीरों से स्पष्ट है कि प्रदेश में वर्षों से ड्रग का अवैध कारोबार किसके संरक्षण में पनपा और बेखौफ कैसे चलता रहा। उन्होंने शिवराज सरकार पर आरोप लगाया है कि आंटी के पकड़े जाने के बाद इस पूरे मामले से बचने के लिये ताबड़तोड़ ड्रग माफ़ियाओ के ख़िलाफ़ प्रदेशभर में कार्रवाई का दिखावटी एलान किया गया और आपात बैठक बुलायी गयी। माफ़ियाओं के ख़िलाफ़ यह कार्रवाई सिर्फ़ दिखावटी है और पर्दे के पीछे उन्हें सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है।

बता दें कि सोशल मीडिया पर प्रीति जैन के बेटे की जो तस्वीरें वायरल हो रही है वह बीजेपी के सम्मेलनों की तस्वीरें हैं। मध्य प्रदेश बीजेपी की कार्यसमिति की बैठक के दौरान खींची गई एक तस्वीर में वह राज्य के सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ भी है। इस दौरान शिवराज चौहान की तरह ही उसके गले में भी सम्मेलनों में जारी किए जाने वाला पहचान पत्र लटका नज़र आ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि यह साबित करता है कि बीजेपी में उसकी सक्रिय भूमिका रही है।

वहीं एक अन्य तस्वीर में वह इंदौर-2 से बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला के साथ खड़ा है। इस तस्वीर में भी दोनों के गले में पहचान पत्र लटके हैं। साथ ही विधायक मेंदोला उसके कंधे पर अपना हाथ भी रखे हुए हैं। बता दें कि रमेश मेंदोला बीजेपी के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय के करीबी हैं। जैन के बेटे की तीसरी तस्वीर जो वायरल हो रही है उसमें वह बीजेपी के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री के साथ एक कमरे में बैठा हुआ है।

बताया जा रहा है कि इस रैकेट की सरगना प्रीति जैन उर्फ सपना, उर्फ काजल, उर्फ प्रेरणा है। हालांकि इन नामों से ज्यादा उसे ड्रग्स वाली आंटी के तौर पर पहचाना जाता है। प्रीति जैन की कुंडली खंगालने के बाद पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि वह महज पांच वर्ष पहले अपने बेटे के साथ पुणे से इंदौर आई है और इतने दिनों में ही उसने अकूत दौलत हासिल कर ली।

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रीति जैन ने इंदौर के तमाम बड़े पब की अलग-अलग नाम से मेंबरशिप ले रखी है। वह पबों में जाकर नई-नई लड़कियों को अपना ग्राहक बनाती थी। साथ ही उन्हें ड्रग्स देती थी। प्रीति जैन के पास से पुलिस को कई आईडी कार्ड भी मिले हैं, जिसे उसने अलग-अलग नामों से बनाया था। देर रात तक ग्राहकों के चक्कर में महिला पब में पार्टी करती थी। अबतक मिली जानकारी के अनुसार इंदौर की 200 से अधिक लड़कियां उसकी कस्टमर हैं।

आंटी ने पब और गर्ल्स हॉस्टल के जरिए इन्हें फंसाया है। लड़कियां एमडी ड्रग और कोकीन की एडिक्ट हैं। बताया जा रहा है कि आंटी का नेटवर्क अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है। वह अपने बेटे की मदद से गोवा, मुंबई और दिल्ली में भी अपना कारोबार चलाती है। इतना ही नहीं देह व्यापार के काले धंधे में भी उसका काफी दबदबा बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह रूस और बांग्लादेश से लड़कियां सप्लाई करती थी और कई बड़ी हस्तियों को उसने अपना कस्टमर बना रखा है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493