नई दिल्ली-बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली स्थित उनके आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला हो गया। कार्यक्रम के बीच एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंक दी। जिसके बाद वहां मौजूद समर्थकों ने उसे पकड़कर पीट दिया। पप्पू यादव का आरोप है कि हमलावर चाकू लेकर आया था और उनकी हत्या की कोशिश की गई थी। घटना के बाद आरोपी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
हमले के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उनके खिलाफ लगातार भड़काऊ बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुलेआम उन्हें मारने और जलाने की बातें कर रहे हैं तथा उनके सिर पर इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनका दोष क्या है और इस पूरे विवाद के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
dharmpath.com dharmpath