मुंबई – दिशा सालियान की मौत का मामला करीब सवा छह साल बाद एक बार फिर चर्चा में है. बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. FIR में कई चर्चित राजनीतिक, बॉलीवुड और पुलिस से जुड़े लोगों समेत 50 से ज्यादा नामों का जिक्र है. हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि इनमें से किसी को अभी आरोपी नहीं बनाया गया है. हाईकोर्ट ने CBI को निर्देश दिया था कि पर्याप्त सबूत सामने आने से पहले किसी व्यक्ति को आरोपी न माना जाए.
दिशा सालियान एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थीं. उनकी मौत 8 जून 2020 को हुई थी. इसके एक हफ्ते के अंदर 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे. CBI ने अपनी जांच रिपोर्ट में मौत की वजह सुसाइड माना था. सोशल मीडिया पर दोनों मौतों को जोड़कर कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं. सतीश सालियान भी अपनी बेटी और सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बीच कनेक्शन होने की बात कहते रहे हैं.
8 और 9 जून 2020 की दरमियानी रात मुंबई के मलाड इलाके में स्थित रीजेंट गैलेक्सी सोसायटी की 14वीं मंजिल पर दिशा अपने मंगेतर रोहन रॉय के घर पर थीं. पुलिस के मुताबिक, कुछ कॉमन फ्रेंड भी थे. देर रात दिशा घर की खिड़की से नीचे गिर गईं और उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किसी ने दिशा की मौत को लेकर किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया था. पुलिस ने उस समय यह भी कहा था कि दिशा कुछ प्रोजेक्ट को लेकर परेशान थीं और इसी वजह से उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो सकती थी. अब CBI जांच शुरू हुई है.
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की दोबारा जांच की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था. 2 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने मामले की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया. कोर्ट ने CBI को एक सीनियर और अनुभवी अधिकारी नियुक्त करने, दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने और उसके आधार पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 11 सितंबर को CBI ने सतीश सालियान का बयान दर्ज किया. उनके वकील के मुताबिक, बयान के दौरान उन्होंने बेटी की मौत को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए. इनमें यौन हिंसा, गैंगरेप हत्या और सबूत मिटाने की कोशिश जैसे आरोप शामिल हैं. ये आरोप फिलहाल जांच का हिस्सा हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि CBI की जांच में होनी बाकी है. इसके करीब 48 घंटे बाद, 13 सितंबर को CBI ने दिशा सालियान की मौत के मामले में FIR दर्ज की.
dharmpath.com dharmpath