अंडर-17 विश्व कप : फीफा विश्व कप में आज पदार्पण करेगा भारत

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय फुटबाल टीम आज इतिहास रचने के मुहाने पर खड़ी है। फीफा विश्व कप में पहली बार कदम रख रही भारतीय टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सबसे बड़े टूर्नामेंट का आगाज अमेरिका के साथ जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में करेगी।

भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है जहां उसके साथ अमेरिका के अलावा कोलंबिया और घाना जैसी फुटबाल की दिग्गज टीमें हैं।

भारतीय टीम का सामना आज अमेरिका से, नौ अक्टूबर को कोलंबिया और 12 अक्टूबर को घाना से होगा। भारत और अमेरिका के बीच मैच रात आठ बजे खेला जाएगा।

फुटबाल में भारत की स्थिति और प्रदर्शन को देखते हुए उसके नॉकआउट दौर में जाने की संभावना न के बराबर है, लेकिन मेजबान अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारत फुटबाल के लिए मशहूर नहीं है, जबकि अमेरिका के पास बेहतरीन टीम है। उन्होंने फीफा अंडर-17 विश्व कप के 17 में से 16 संस्करणों में हिस्सा लिया है। सिर्फ 2013 में ही अमेरिकी टीम इस विश्व कप में नहीं खेली थी।

ग्रुप-ए में इसके अलावा कोलंबिया और घाना की टीमें शाम पांच बजे इसी मैदान पर भिड़ेंगी।

ग्रुप-बी में पहला मैच शाम पांच बजे मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में न्यूजीलैंड और तुर्की के बीच खेला जाएगा जबकि इस ग्रुप का दूसरा मैच रात आठ बजे माली और पराग्वे के बीच होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493