अंडर-19 क्रिकेट : भारत ने श्रीलंका को पारी और 147 रन से हराया

हंबनटोटा (श्रीलंका), 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने यहां महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल स्टेडियम में दूसरे यूथ टेस्ट मैच के चौथे दिन शुक्रवार को श्रीलंका को पारी व 147 रन से हरा दिया।

भारत ने पहला मैच पारी और 21 रन से जीता था। उसने दूसरा मैच भी जीतकर दो मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।

भारत को मैच जीतने के लिए चौथे दिन श्रीलंका के सात विकेट निकालने थे जबकि मेजबान टीम को मैच ड्रॉ कराने के लिए आज पूरे दिन विकेट पर टिके रहना था। लेकिन, वह इसमें सफल नहीं सकी और तीन विकेट पर 47 रन से आगे खेलते हुए 150 रन पर आलआउट हो गई।

श्रीलंका के लिए नुवानीदु फर्नाडो ने 28, निशान मदुष्का ने 25, मेंडिस ने 26 और विजयकांत व्यासकांत ने 16 रन बनाए।

भारत की ओर से सिद्वार्थ देसाई ने 40 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। यातीन मांगवानी और आयुष बदोनी को दो-दो जबकि अर्जुन तेंदुलकर और मोहित जांगड़ा को एक-एक विकेट मिले।

भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 613 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम पहली पारी में 316 रन ही बना सकी और उसे फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

भारत की ओर से पवन शाह तिहरे शतक से चूक गए। उन्होंने 332 गेंदों पर 33 चौकों की मदद से 282 रन की पारी खेली थी। अर्थवा ताएदे ने 172 गेंदों पर 20 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 177 रन बनाए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493