अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ जवान, 3 नागरिक घायल

जम्मू, 20 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शनिवार को पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई ताजा गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान और तीन नागरिक घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अखनूर से लेकर आर.एस. पुरा तक पाकिस्तानी रेंजरों ने भारतीय नागरिकों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अंधाधुंध गोलाबारी और गोलीबारी की।”

अधिकारी ने बताया कि परगवाल इलाके में एक बीएसएफ जवान घायल हो गया, जबकि अखनूर के कानाचक में एक नाबालिग लड़की सहित तीन नागरिक घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवान इन जगहों पर पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।

अंतिम खबर आने तक अर्निया, हीरा नगर, रामगढ़ और सांबा सेक्टरों में पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी और गोलीबारी जारी थी।

पिछले दो दिनों में सीमा पर बसे गांवों के 10,000 से ज्यादा बाशिंदों को अपने मवेशियों, खेतों और घरों को छोड़कर गांवों से पलायन करना पड़ा है।

पुलिस ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा शुक्रवार को की गई गोलीबारी में दो सुरक्षाकर्मी और दो नागरिक मारे गए थे।

दो बीएसएफ जवानों और 22 नागरिकों सहित कुल 24 लोग घायल भी हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493