अक्षय के ब्रांड एंबेसडर बनने से उप्र में पर्यटन की संभावना बढ़ेगी : भाजपा

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, “उत्तर प्रदेश संभावनाओं से भरपूर है। विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों में मशहूर शख्सियतों के जुड़ने से उस अभियान को बल मिलेगा। उप्र की धार्मिक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासतों की ब्रांडिंग कर उनको सुप्रसिद्ध हस्तियों के साथ जोड़ने से उप्र में न केवल पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।”

त्रिपाठी ने कहा, “इलाहाबाद में लगने वाले कुंभ मेला को भी सरकार एक अवसर के रूप में देख रही है। कुंभ में दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके लिए योगी सरकार ने 500 करोड़ रुपये आवंटित कर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी है। उप्र में 2,800 करोड़ रुपये सांस्कृतिक विरासत पर खर्च करने लिए आंवटित किए गए हैं।”

उन्होंने कहा, “रामायण सर्किट, कृष्ण सर्किट, बुद्ध सर्किट बनाकर योगी सरकार उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। वाराणसी में 200 करोड़ रुपये का एक सांस्कृतिक केंद्र भी इसी उद्देश्य से बनाया जा रहा है।”

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, “भाजपा शासित मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात में पर्यटन की संभावनाओं पर खासा जोर दिया गया, जिसके उल्लेखनीय परिणाम दिखाई पड़े हैं। भारत सरकार के ‘इनक्रेडेबल इंडिया’ ‘अतुल्य भारत’ अभियान की तरह उत्तर प्रदेश में भी पर्यटन की अपार संभावनाओं को उभारने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए बॉलीवुड के साथ-साथ नामचीन हस्तियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 50 फीसदी से अधिक शूटिंग होने वाली व सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों पर स्टेट जीएसटी में छूट देने के निर्णय से उत्तर प्रदेश की छवि और चमकेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493