हरिद्वार, 9 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी के प्रसिद्ध स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर के प्रमुख स्वामी आत्म स्वरूप अपने सहयोगियों के साथ गुरुवार को गायत्री धाम शांतिकुंज पहुंचे। वे स्वामी नारायण परिवार को केंद्रित कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम द्वारा रचित साहित्य गायत्री परिवार के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या को भेंट करने आए थे।
इन दिनों डॉ. पण्ड्या अमेरिका व कनाडा के युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए विदेश प्रवास पर हैं, इसलिए उनके प्रतिनिधि के रूप में शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्ता पं. शिवप्रसाद मिश्र ने स्वामी की भेंट को सप्रेम स्वीकार किया। वहीं शांतिकुंज की ओर से स्वामी को गायत्री मंत्र अंकित चादर व युगसाहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वामी आत्म स्वरूप ने वर्ष 1926 से ही सतत प्रज्ज्वलित पावन अखंड दीपक के दर्शन कर मानव समुदाय के लिए सुख-शांति की कामना की तथा युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की पावन समाधि के दर्शन किए।
वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉ. बृजमोहन गौड़ ने स्वामी नारायण मंदिर के प्रमुख को गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों से अवगत कराया तथा भारतीय संस्कृति के प्रचारक के रूप में देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के माध्यम युवाओं की फौज तैयार करने, पीड़ित मानवता की नि:स्वार्थ सेवा करने जैसे कई पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर आत्म स्वरूप के सहयोगी स्वामी भद्रेशदास एवं शांतिकुंज के कई परिजन उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath