अखिलेंद्र फिल्म के जरिए जागरूकता फैलाने को लेकर खुश

मुंबई, 1 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा ने कहा कि उन्होंने आतंकी गतिविधियों में बच्चों के प्रयोग पर आधारित ‘बिल्लू उस्ताद’ में काम करने को स्वीकार कर लिया है। उन्हें लगता है कि इस तरह के विषयों पर फिल्म निर्माताओं को अधिक ध्यान देना चाहिए ताकि लोगों के बीच जागरूकता फैलाई जा सके।

मिश्रा को 1990 के दशक में टीवी शो ‘चंद्रकांता’ में क्रूर सिंह के किरदार के लिए जाना जाता है।

फिल्म में अपने किरदार के बारे में बताते हुए अखिलेंद्र ने एक बयान में कहा, “मेरा किरदार अनाथालय के मालिक का है। वह बच्चों के साथ बड़ी सख्ती से पेश आता है। कभी कभार वह बच्चों को एक संगठन को बेच देता है जो किशोरों को आतंकी गतिविधियां करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता है।”

फिल्म का चुनाव करने पर उन्होंने कहा, “फिल्म के निर्माता मेरे पास कहानी का विचार लेकर आए। मुझे विषय पसंद आया इसलिए मैंने हां कह दिया। इस तरह के विषय ज्यादा से ज्यादा उठाए जाने चाहिए क्योंकि यह जागरूकता फैलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।”

उन्होंने कहा, “फिल्म एक अनाथ बिल्लू उस्ताद की भी कहानी बताती है जो एक आतंकी गतिविधि का भंडाफोड़ करने में महाराष्ट्र आतंक रोधी दस्ते की मदद करता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493