नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारत सरकार ने शुक्रवार को अखिल भारतीय खेल परिषद का गठन किया। यह परिषद खेल एवं युवा मामलों की सलाहकार के तौर पर काम करेगी।
परिषद का प्रमुख अध्यक्ष होगा जो कोई राज्यमंत्री हो सकता है। साथ ही इसमें संसद के चार सदस्यों, खेल हस्तियों, कोचों, खेल विशेषज्ञों, खेल प्रशासकों, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक, नाडा के महानिदेशक, खेल मंत्रायल के अधिकारी, खेल महासंघों के प्रतिनिधि, भारतीय ओलम्पिक संघ के प्रतिनिधि और कारपोरेट इकाइयों और एनजीओ से जुड़े लोग होंगे।
परिषद के अध्यक्ष व अन्य सदस्यों की नियुक्ति पूरी तरह सरकार के अधिकार क्षेत्र में होगी लेकिन परिषद के पूर्व सदस्यों की नियुक्ति को लेकर स्थिति साफ नहीं की गई है।
इस परिषद को चार महीने में कम से कम एक बार बैठक करनी है और खेलों के विकास तथा विस्तार को लेकर सरकार की नीतियों पर चर्चा करनी है और राय भी देनी होगी।
परिषद के मुख्य कार्यो में युवाओं के बीच खेलों को लोकप्रिय बनाना होगा। साथ ही इसे ग्रामीण क्षेत्रों में खेलो के विकास व विस्तार को लेकर भी काम करना होगा और सुझाव देने होंगे।
साथ ही यह राष्ट्रीय खेल महासंघों के कार्यकलाप में पेशेवराना रुख, पारदर्शिता और अच्छा कार्यदर्शन लाने के लिए भी प्रयास करना होगा।
dharmpath.com dharmpath