मैनचेस्टर, 1 मई (आईएएनएस)। मैनचेस्टर युनाइटेड के मुख्य कोच लुइस वान गाल का कहना है कि फुटबाल सत्र के अंत में चाहे कुछ भी हो, लेकिन वह इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब में अपने पद पर बने रहेंगे।
रिपोर्ट हैं कि क्लब में वान गाल के भविष्य पर अटकलें लगाई जा रही हैं।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ के अनुसार, शनिवार को वान गाल ने कहा, “मुझे पता था कि ऐसा ही कुछ होगा। इसलिए, उन्होंने मुझे इस पद पर बैठाया और हमने इस बारे में बात की थी। हम हमेशा से जानते हैं कि इस प्रक्रिया में तीन वर्ष लगते हैं, लेकिन मैं केवल दो वर्ष के लिए हस्ताक्षर करना चाहता था।”
वान गाल ने आगे कहा, “क्लब मेरे साथ तीन साल का करार चाहता था, मैं नहीं। मैंने तीन साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर किया और इसलिए अगले वर्ष भी आप मुझे एक बार फिर देखेंगे।”
ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि क्लब में वान गाल के स्थान पर जोस मोरिन्हो को कोच पद पर नियुक्त किया जाएगा, लेकिन इन सबके बावजूद भी 64 वर्षीय कोच अपने भविष्य को लेकर चिंतित नहीं हैं और उनका कहना है कि वह हमेशा से यहीं मानते हैं कि क्लब को सफलता दिलाने में समय लगेगा।
dharmpath.com dharmpath