इस्लामाबाद, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में धार्मिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से अगवा किए गए दो पुलिस अधिकारियों के शरीर पर यातनाओं के निशान मिले हैं। इन्हें एक अस्पताल से अगवा किया गया था और बाद में दोनों अधिकारी सड़क के किनारे पाए गए। अधिकारियों के शरीर पर खरोंच के निशान हैं व हड्डियां टूटी हुईं हैं।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के एक गश्ती दल द्वारा सोमवार को सोलन इलाके में उन्हें पाए जाने के बाद दोनों अधिकारियों को रावलपिंडी के जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया व भर्ती कराया गया। यहीं से उन्हें अगवा किया गया था।
एक चिकित्सक के अनुसार, पुलिसकर्मियों को अंदरुनी चोटें भी आईं हैं।
दैनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, उप निरीक्षक असलम हयात की बाईं कोहनी टूटी हुई है। हयात व उनके साथी अमानत अली को प्लास्टिक चढ़ाए हुए तार, छड़ी व बेंत से पीटा गया। उनके शरीर पर खरोंच के घाव भी हैं।
इस्लामिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं व सुरक्षा बलों के बीच रावलपिंडी व इस्लामाबाद को जोड़ने वाले राजमार्ग पर संघर्ष के दौरान पुलिसकर्मियों को शनिवार को अस्पताल से अगवा कर लिया गया था।
एक पुलिस उप अधीक्षक के हवाले से कहा गया कि हयात व अली पर अपहरणकर्ताओं ने बेरहमी से अत्याचार किया और उन्हें अपहरण के बाद फैजाबाद के एक अस्थायी तंबू में रखा गया था।
dharmpath.com dharmpath