नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को चुनौती भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस साबित करे कि अगस्ता वेस्टलैंड के साथ वीवीआई हेलीकॉप्टर सौदे को लेकर रिश्वतखोरी में उसके नेता शामिल नहीं हैं। इटली की एक अदालत ने कहा है कि सौदे में भारतीय अधिकारियों को अवैध रकम दी गई थी।
प्रसाद ने कहा, “अब चूंकि रिश्वत देने वालों को दोषी ठहराया जा चुका है, तो रिश्वत लेने वालों के साथ क्या होना चाहिए? क्या पूर्व रक्षामंत्री ए.के.एंटनी इस मुद्दे पर कोई सार्वजनिक बयान जारी करेंगे। क्या वह यह बात कबूल करेंगे कि उनकी पार्टी के लोग घोटाले में शामिल हैं?”
इटली की कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड के साथ वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे को फरवरी 2010 में अंतिम रूप दिया गया था और उस पर हस्ताक्षर हुआ था। उस समय केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार थी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ए.के.एंटनी रक्षामंत्री थे।
मिलान अपीली अदालत के एक न्यायाधीश ने 225 पृष्ठों के फैसले में कहा है कि 53 करोड़ डॉलर कीमत के 12 एडब्ल्यू101 हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति का ठेका पाने के लिए इटली की कंपनी ने भारतीय अधिकारियों को रिश्वत दी।
अगस्ता की मातृ कंपनी फिनमेक्के निका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गियुसेप ओरसी की गिरफ्तारी के बाद समझौता विवादों में आ गया और उसके बाद भारत सरकार ने सौदे को 2013 में रद्द कर दिया।
dharmpath.com dharmpath