नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। पिछले महीने यात्री कारों की बिक्री में 9.53 फीसदी का इजाफा हुआ और कुल 1,77,829 कारों की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल अगस्त में कुल 1,62,360 कारों की बिक्री हुई थी।
उद्योग के आंकड़ों से गुरुवार को यह जानकारी मिली। यूटिलिटी वाहनों की बिक्री में अगस्त में सबसे ज्यादा 47.38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल 65,745 वाहनों की बिक्री हुई, जबिक वैन की बिक्री में 2.52 फीसदी का इजाफा हुआ और 15,148 वैन की बिक्री हुई।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (सियाम) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल यात्री वाहन जिसमें कार, यूटिलिटी वाहन और वैन शामिल हैं, की बिक्री में 16.68 फीसदी का इजाफा हुआ और कुल 2,58,722 वाहनों की बिक्री हुई।
वहीं, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में अगस्त में 1,53 फीसदी का इजाफा हुआ। इस खंड की बिक्री से ही आर्थिक गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जाता है।
अगस्त 2016 में कुल 52,996 वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री हुई।
इस दौरान तिपहिया वाहनों की बिक्री में 9.01 फीसदी का इजाफा हुआ और 50,193 तिपहिया वाहन बिके।
वहीं, दोपहिया वाहनों की बिक्री में 26.32 फीसदी का इजाफा देखा गया। इनमें स्कूटर, मोटरसाइकिल और मोपेड मिलाकर कुल 16,48,883 वाहनों की बिक्री हुई।
हालांकि इस दौरान वाहनों के निर्यात में 14.52 फीसदी गिरावट देखने को मिली और कुल 3,09,215 वाहनों का निर्यात किया गया।
अगस्त में सभी प्रकार के वाहनों की कुल बिक्री में 23.72 फीसदी का इजाफा हुआ और 20,10.794 वाहन बिके।
प्राइस वाटरहाउस के भागीदार और वाहन विशेषज्ञ अब्दुल माजिद का कहना है कि अगले तीन महीनों में त्यौहारी अवधि के दौरान कार और दोपहिया वाहनों की बिक्री में और तेजी देखने को मिलेगी।
माजिद ने कहा, “कई कारणों से वाहनों की बिक्री में तेजी आई है। अच्छे मॉनसून, उपभोक्ताओं की सकारात्मक भावना, ग्राहकों के हाथ में ज्यादा नगदी होना और कंपनियों द्वारा आकर्षक कीमतों पर नई-नई लांचिंग से वाहनों की बिक्री बढ़ी है।”
dharmpath.com dharmpath